देश की सबसे बड़ी साफ्टवेयर निर्यातक कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) देश की सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता है। डाटाक्वेस्ट-आईडीसी के सातवें सालाना सर्वेक्षण में यह बात सामने आई है। डाटाक्वेस्ट-आईडीसी के सातवें सालाना सर्वेक्षण के निष्कर्षो के अनुसार दूसरी सबसे बड़ी साफ्टवेयर निर्यातक कंपनी इन्फोसिस इस साल सूची में चौथे पायदान से खिसक कर आठवें स्थान पर आ गई है। इस सर्वेक्षण में कर्मचारियों के संतोष और संख्या को संयुक्त रूप से आधार बनाया जाता है। इस सर्वेक्षण में सात शहरों की 33 बड़ी कंपनियों को शामिल किया गया।
सर्वेक्षण में इन्फोसिस और विप्रो के सर्वोत्तम नियोक्ताओं की सूची में पिछड़ने पर टिप्पणी करते हुए कहा गया है कि इन दोनों कंपनियों ने बड़ी संख्या में नौकरिया तो दीं, लेकिन शायद वे अपने यहां आने वाले कर्मचारियों को अपनत्व का वह माहौल नहीं दे पाई जिसकी उम्मीद की जा रही थी।
डाटाक्वेस्ट-आईडीसी की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार टीसीएस लगातार दूसरे साल सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता कंपनी के रूप में उभरी है। टीसीएस ने अपने करीब 90 हजार कर्मचारियों को अपने पास बनाए रखने के लिए कई अनोखे उपाय किए। कंपनी के करीब 15 फीसदी कर्मचारी उसके विदेशी केंद्रों में कार्यरत हैं। अगर पूरे आईटी उद्योग की बात की जाए तो सर्वेक्षण में शामिल हर 10 में से एक कर्मचारी इन्फोसिस के साथ जुड़ने का सपना देखता है। दूसरी ओर हर 14 में से एक कर्मचारी टीसीएस और हर 20 में से एक कर्मचारी आईबीएम के साथ काम करना चाहता है। आईबीएम, कैपजेमिनी, सन माइक्रोसिस्टम्स और सीएससी जैसी बहुराष्ट्रीय आईटी कंपनियों ने भारतीय कर्मचारियों का प्रबंधन बेहतरीन तरीके से किया जिससे वे देश के 20 सर्वोत्तम आईटी नियोक्ताओं की सूची में शामिल हो सकीं।
दस सबसे श्रेष्ठ आईटी नियोक्ता कंपनियां :
- टीसीएस (TCS)
- एचसीएल इन्फोसिस्टम्स (HCL Infosystems)
- आईगेट (IGate)
- आरएमएसआई (RMSI)
- साइनेक्रान (Synechron)
- आईबीएम, (IBM)
- कैपजेमिनी (Capgemini)
- इन्फोसिस (Infosys)
- टावांट टेक्नोलाजीज (Taven Technologies)
- सन माइक्रोसिस्टम्स (Sun Microsystems)
यह समाचार यहां अंग्रेजी में देखें।









0 टिप्पणी:
Post a Comment